City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

कोतवाली के साए में चोरी, सरकारी कॉलोनी में टूटा ताला फाइलें और जरूरी सामान ले उड़े चोर

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त सवालिया निशान लग गया, जब सिविल लाइंस कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित गांधी वाटिका सरकारी कॉलोनी में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। नगर निगम रुड़की में कार्यालय अधीक्षक मोहम्मद कयूम के सरकारी आवास को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और घर को खंगाल डाला। पीड़ित मोहम्मद कयूम के अनुसार, वह किसी जरूरी कार्य से बाहर गए हुए थे। जब वापस लौटे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मुख्य दरवाजे के ताले टूटे पड़े थे और घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारियां खुली थीं और कई जरूरी वस्तुएं गायब मिलीं। उन्होंने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल पीड़ित की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, साथ ही स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं पीड़ित मोहम्मद कयूम ने बताया कि चोर उनके घर से महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ-साथ घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े सरकारी कॉलोनी में, वह भी कोतवाली के ठीक पीछे इस तरह की चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Spread the love
Translate »
Right Menu Icon