इंसानियत की मिसाल बने दीपक, विधायक वीरेंद्र जाती ने बढ़ाया हौसला
(मौहम्मद नाज़िम) कोटद्वार में हाल ही में सामने आए घटनाक्रम के बाद मानवीय मूल्यों की जो तस्वीर उभरकर सामने आई, उसी कड़ी में झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती कोटद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने दीपक से मुलाकात कर न सिर्फ उनका मनोबल बढ़ाया, बल्कि उन्हें सम्मान स्वरूप एक प्रतीकात्मक भेंट भी दी। विधायक जाती ने दीपक से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि कठिन हालात में भी जिस संयम, समझदारी और इंसानियत का परिचय उन्होंने दिया, वह समाज के लिए एक मजबूत संदेश है। विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके नाम या मजहब से नहीं, बल्कि उसके कर्म और सोच से होती है। दीपक ने पूरे घटनाक्रम के दौरान यह साबित कर दिया कि जब हालात चुनौतीपूर्ण हों, तब भी मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखना ही सच्ची बहादुरी है। उन्होंने कहा कि इंसानियत ही वह आधार है, जिस पर एक मजबूत और शांत समाज का निर्माण होता है। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां भाईचारा, आपसी सम्मान और सौहार्द की परंपरा रही है। ऐसे में समाज को बांटने वाली अफवाहों और नकारात्मक सोच से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सामाजिक शांति बनाए रखने में सहयोग करें। वीरेंद्र जाती ने दीपक को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं। समाज का हर संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि इंसानियत, न्याय और सामाजिक सद्भाव के पक्ष में उठने वाली हर आवाज को मजबूती से समर्थन दिया जाएगा। मुलाकात के दौरान क्षेत्र में आपसी विश्वास, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह सम्मान और मुलाकात इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राजनीति का असली उद्देश्य समाज को जोड़ना है, न कि विभाजित करना, और मानवता की रक्षा करना हर जनप्रतिनिधि की पहली जिम्मेदारी है।

