मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान से फर्जीवाड़े का किला ध्वस्त: सिडकुल पुलिस का बड़ा एक्शन
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि दिनांक 22 फरवरी को पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद क्षेत्र में पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान के भीतर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी आधार कार्ड, कूटरचित हाईस्कूल मार्कशीट और अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। मौके से आरोपी पुनीत कुमार (28 वर्ष), निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उ.प्र.), हाल निवासी रावली महदूद, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सिडकुल में नौकरी की तलाश में आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों के लिए वह आधार कार्ड में नाम, पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकाल देता था और उत्तराखंड निवासी दर्शाने वाले कागजात तैयार कर देता था। तलाशी के दौरान पुलिस ने 04 आधार कार्ड (जिनमें 02 कूटरचित), 09 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां, 01 सिल्वर लैपटॉप, 01 लैपटॉप चार्जर, 01 कलर प्रिंटर-स्कैनर और 01 की-बोर्ड बरामद किए। इस संबंध में थाना सिडकुल पर मु.अ.सं. 74/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/339 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई को थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में व0उ0नि0 देवेन्द्र तोमर, उ0नि0 बबलू चौहान, अ0उ0नि0 संजय चौहान, हे0का0 406 जितेन्द्र मलिक, हे0का0 217 देशराज, का0 685 गजेन्द्र प्रसाद तथा का0 417 मुकेश की टीम ने अंजाम दिया। हरिद्वार पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि सत्यापन अभियान के दौरान किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


























