September 5, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

अंतर्राज्यीय ‘मगध साइबर गैंग’ पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा वार ऋषिकेश में छिपा था साइबर ठगी का अहम राज, 18 बैंक खातों की खुली परतें; बलिया का सागर पाण्डेय गिरफ्तार

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

हरिद्वार: साइबर ठगी के एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जिसकी कड़ियां ऋषिकेश से लेकर उत्तर प्रदेश तक जुड़ी थीं। हरिद्वार पुलिस ने ‘मगध साइबर गैंग’ के ऋषिकेश नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए उसके एक अहम मददगार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी की रकम ठिकाने लगाने के लिए गैंग तक पहुंचाता था और बदले में मोटा कमीशन वसूलता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। तकनीकी सर्विलांस के दौरान उसकी लोकेशन ऋषिकेश के चंद्रेश्वर रोड, मायाकुंड में मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर काले रंग की स्कूटी से जा रहे सागर पाण्डेय को दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मूल रूप से ग्राम सिकंदरपुर, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) निवासी सागर पाण्डेय ऋषिकेश में रहकर पूर्व में गिरफ्तार गैंग सरगना कृष्णा पाण्डेय के संपर्क में था। आरोपी कथित तौर पर स्थानीय लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता और इन म्यूल अकाउंट्स को गैंग को उपलब्ध कराता था। पुलिस के मुताबिक उसने विशाल और श्याम नामक व्यक्तियों के कुल 18 बैंक खाते गैंग को दिए थे। मामला तब और दिलचस्प हो गया जब आरोपी को अपने साथियों की गिरफ्तारी की खबर मिली। पुलिस के अनुसार उसने पकड़े जाने के डर से मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और कई नंबर डिलीट कर दिए। लेकिन डिजिटल जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल की गैलरी से विशाल के नाम दर्ज बैंक खाते की फोटो समेत महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद हो गए। कार्रवाई मु0अ0सं0 100/2026, कोतवाली श्यामपुर, हरिद्वार में की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से REALME मोबाइल फोन और बैंक खातों व चैट से संबंधित रिकवर्ड डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, चौकी प्रभारी चंडी घाट देवेंद्र सिंह तोमर, कांस्टेबल विनित कुमार, राहुल देव, वसीम तथा सीआईयू हरिद्वार टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Translate »
Right Menu Icon