पिरान कलियर की बेटी ने रचा इतिहास, ट्रक ड्राइवर की लाडली बनी IAS
City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::
पिरान कलियर। कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो हालात भी रास्ता नहीं रोक पाते। इसका जीता-जागता उदाहरण पिरान कलियर की बेटी फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने पेश किया है। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कठिन परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस कामयाबी से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है, वहीं उनके घर पर बधाई देने वालों की लगातार भीड़ लगी हुई है। फ़ैरुज़ फ़ातिमा के पिता इक़बाल अहमद पेशे से ट्रक चालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी के सपनों को कभी कमजोर नहीं होने दिया। कठिन परिस्थितियों में भी पिता ने हर संभव प्रयास कर फ़ातिमा की पढ़ाई जारी रखी और हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। पिता के संघर्ष और बेटी की लगन ने मिलकर यह बड़ी सफलता दिलाई है। फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वह उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी के रूप में भी जानी जाती हैं। सोनाली नदी मैदान से खेल की शुरुआत करने वाली फ़ातिमा ने खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और आज आईएएस बनने तक का सफर तय किया। बता दें कि वर्ष 2024 में फ़ैरुज़ फ़ातिमा का चयन भारतीय रिज़र्व बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर हुआ था और वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं। अब आईएएस में चयन होने से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ़ैरुज़ फ़ातिमा की सफलता उन बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं। वहीं उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह तथा सानू और साहिल समेत पूरे रग्बी परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

