City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

विधायक प्रदीप बत्रा ने विधानसभा में उठाया गणेशपुर का दर्द सीवर लाइन से क्षतिग्रस्त घरों के लिए मांगा मुआवजा

City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::

रुड़की। उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान रुड़की विधानसभा क्षेत्र के गणेशपुर में सीवर लाइन निर्माण से हुए नुकसान का मामला जोरदार तरीके से सदन में उठा। रुड़की के विधायक प्रदीप बत्रा ने इस गंभीर मुद्दे को सदन के सामने रखते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। विधायक प्रदीप बत्रा ने सदन को अवगत कराया कि रुड़की के गणेशपुर क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के तहत कराए गए सीवर लाइन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन में लीकेज और तकनीकी खामियों के कारण कई घरों में दरारें आ गईं, दीवारें कमजोर हो गईं और लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे स्थानीय निवासियों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए आवेदन भी दिए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी प्रकार की राहत राशि जारी नहीं की गई है। इस कारण पीड़ित परिवारों में गहरा आक्रोश और निराशा का माहौल बना हुआ है। इस मामले को लेकर गणेशपुर निवासी कुलदीप कुमार तोमर समेत अन्य प्रभावित लोगों ने भी अपनी याचिका माननीय सदन के समक्ष प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। याचिकाकर्ताओं ने मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सदन उनकी याचिका को स्वीकार करे और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि गणेशपुर के लोगों को हुए नुकसान की भरपाई करना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सदन से अपील की कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Translate »
Right Menu Icon