City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

हड़ताल के बीच सड़कों पर उतरे मेयर और अधिकारी रुड़की में कूड़े के ढेर के बीच चलाया स्वच्छता अभियान

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: नगर निगम के सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए प्रशासन और कर्मचारियों के बीच लगातार वार्ता का दौर जारी है, लेकिन अभी तक किसी भी मुद्दे पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। इसी बीच नगर निगम प्रशासन ने खुद सड़कों पर उतरकर स्वच्छता अभियान चलाया और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान मेयर अनीता देवी अग्रवाल, नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी सहित निगम के कई अधिकारी और पार्षद सड़क पर उतरे और जगह-जगह फैले कूड़े को इकट्ठा कर नगर निगम की गाड़ियों में भरवाकर निस्तारण के लिए भिजवाया। मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मियों के साथ लगातार वार्ता की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा, जिसके बाद सभी सफाई कर्मचारी अपने कार्य पर वापस लौट आएंगे।

वहीं नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि एसडीएम ए.के. शुक्ला की मध्यस्थता में अधिकारियों और सफाई कर्मियों के बीच बातचीत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की कुछ शर्तों पर सहमति बनते ही हड़ताल जल्द समाप्त हो जाएगी और शहर की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आएगी। फिलहाल शहर के कई हिस्सों में कूड़े के अंबार लगे हुए हैं, जिसे देखते हुए निगम प्रशासन ने खुद मोर्चा संभालते हुए सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पार्षद राकेश गर्ग, जेपी शर्मा, रमेश जोशी, मोहम्मद साहिल, सावित्री मंगल, रश्मि चौधरी, एसपी गुप्ता सहित कई पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे।

Translate »
Right Menu Icon