लावारिस लाश का रहस्य: 08 घंटे में खुली कत्ल की गुत्थी, साथी ही निकला कातिल
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: हरिद्वार की मायादेवी मंदिर पार्किंग में उस रात का सन्नाटा अचानक चीखों में बदल गया, जब दो परछाइयों के बीच शुरू हुआ झगड़ा एक खौफनाक अंजाम तक जा पहुंचा। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची, तो एक युवक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था—जिंदगी और मौत के बीच झूलता हुआ। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न होने के चलते पुलिस खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाडी, चरण सिंह चौहान, संजीत कण्डारी और कांस्टेबल निर्मल रांगड़ की टीम गठित की गई, जिसने हर सुराग को बारीकी से खंगालना शुरू किया। महज 08 घंटे के भीतर पुलिस की मेहनत रंग लाई और ललतारा पुल के पास एक संदिग्ध को दबोच लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर, जिला संभल बताया। संजीव ने जो कहानी बताई, उसने इस हत्याकांड में एक खौफनाक मोड़ जोड़ दिया—वह पिछले 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना की रात दोनों ने साथ शराब पी और पेड़ के नीचे सो गए।

