City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

अंबेडकर जयंती पर रुड़की में हुआ भव्य आयोजन, किसानों, अधिवक्ताओं व युवाओं ने दी श्रद्धांजलि

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: रुड़की में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों, अधिवक्ताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और जागरूकता का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में फरमान त्यागी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के जरिए समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हर वर्ग को उनके मार्ग पर चलकर अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए। एडवोकेट राव बिलावर ने बाबा साहब के योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का जो कार्य किया, वह अतुलनीय है। उनके विचार आज भी समानता, न्याय और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में एडवोकेट ठाकुर प्रदीप सिंह, एडवोकेट सतीश कुमार, शिवम कुमार, नीरज कुमार, सोनू कुमार, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव शहबाज मुजम्मिल, एडवोकेट शक्ति सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम रहा, बल्कि समाज में एकता, जागरूकता और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बना।

Translate »
Right Menu Icon