शूटिंग बॉल चैंपियनशिप में दमदार मुकाबले, देहरादून और उधम सिंह नगर ने लहराया परचम
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की के दून पब्लिक स्कूल में तृतीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर अंडर-17 शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया, जहां प्रदेशभर से आई टीमों ने खेल कौशल और जोश का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक जहीर अहमद और प्रधानाचार्य गौरव शर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा और उत्तरकाशी सहित आठ जिलों की टीमों ने भाग लेते हुए मैदान में अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर गौरव गोयल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति और हरिद्वार यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष एस.के. गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं समापन समारोह में लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों में सेमीफाइनल हरिद्वार और देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें बालक वर्ग में देहरादून टीम ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में देहरादून और उधम सिंह नगर के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां देहरादून ने 3-0 से जीत हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं बालिका वर्ग में उधम सिंह नगर और हरिद्वार के बीच हुए फाइनल मुकाबले में उधम सिंह नगर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
इस मौके पर शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी (सूरज रोड), अब्दुल्ला अली जहीर, हिमांशु शर्मा, सैम अली, अभिषेक कुमार, तनु शर्मा, आसिफ, ज्योति और दीपाली सहित अन्य खिलाड़ियों ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को मंच देने का संकल्प दोहराया।

