माँ बगलामुखी प्रकटोत्सव पर हवन-यज्ञ, आचार्य लोकेश शास्त्री के सानिध्य में उमड़ी आस्था
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की नगर में माँ बगलामुखी पीतांबरा जी के पावन प्रकटोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। आचार्य लोकेश शास्त्री जी महाराज के सानिध्य में विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की पवित्र अग्नि के बीच पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इस विशेष अवसर पर माँ बगलामुखी से नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई।
आचार्य लोकेश शास्त्री जी महाराज ने सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि माँ की कृपा से जीवन में सकारात्मकता और शक्ति का संचार होता है। इस धार्मिक आयोजन में नगर के पूर्व मेयर गौरव गोयल भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव से माँ बगलामुखी पीतांबरा की पूजा-अर्चना की और आचार्य महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर समाज को एकजुट करने और आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ने का कार्य करते हैं।
प्रकटोत्सव के इस भव्य आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां हर कोई माँ के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आया। हवन-यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने आहुति देकर माँ से अपने परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। पूरे आयोजन ने रुड़की में धार्मिक आस्था की एक अलग ही छटा बिखेर दी, जिसने हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक अनुभव से भर दिया।

