City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

अतिका हुसैन ने 94% अंक लाकर रचा इतिहास, चंदनपुर में जश्न का माहौल

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव से एक ऐसी प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गर्व से भर दिया है। गांव की होनहार छात्रा अतिका हुसैन ने उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जैसे ही शनिवार को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, अतिका के घर में खुशियों का सैलाब उमड़ पड़ा और देखते ही देखते यह खुशी पूरे गांव में जश्न में बदल गई। अतिका की इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ उसके परिवार बल्कि गांव और विद्यालय का भी मान बढ़ाया है। लंढौरा स्थित मून किंगडम पब्लिक इंटर कॉलेज से परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली अतिका को बधाई देने वालों का तांता लग गया। विद्यालय के शिक्षक और स्टाफ खुद उसके घर पहुंचे और मिठाई खिलाकर उसकी मेहनत को सलाम किया। विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा गिरी ने बताया कि अतिका शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि यह सफलता यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे उसकी निरंतर मेहनत और लगन है, जो अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरेगी। वहीं ग्राम प्रधान नौशाद अली ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अतिका ने पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत की ओर से उसे सम्मानित किया जाएगा और उसकी आगे की पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। अतिका के परिजनों ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत और समर्पण ने आज यह मुकाम दिलाया है। गांववासियों ने भी उसे आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता सिर्फ एक छात्रा की नहीं, बल्कि उस सोच की जीत है, जो कहती है—अगर इरादे मजबूत हों, तो हर मंजिल आसान हो जाती है।

Translate »
Right Menu Icon