रिफ्लेक्टर घोटाले पर कांग्रेस का मौन सत्याग्रह, “नाम उजागर करो, कार्रवाई करो”
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: रुड़की में कथित रिफ्लेक्टर घोटाले को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में अंबेडकर प्रतिमा के पास अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ता मौन धारण कर धरने पर बैठे और गांधीगिरी के जरिए भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
धरने के दौरान कांग्रेस ने नगर निगम और प्रशासन पर सीधा निशाना साधते हुए मांग की कि घोटाले में शामिल विभाग का नाम सार्वजनिक किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज हो। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि “अब सच सामने आ चुका है, लेकिन सवाल यह है कि जिम्मेदार कौन है? प्रशासन को इसका जवाब देना ही होगा।” कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीएचएल तिराहे पर लगे रिफ्लेक्टर्स को उदाहरण बनाकर मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। उनका दावा है कि कुछ दिन पहले जहां गिनती के रिफ्लेक्टर थे, वहीं अब अचानक नए रिफ्लेक्टर लगाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
चौधरी ने आरोप लगाया कि करीब 250 रुपये कीमत वाले रिफ्लेक्टर को कागजों में 25 हजार रुपये दिखाया गया, जो खुलेआम भ्रष्टाचार का संकेत है। उन्होंने कहा कि “जनता के टैक्स के पैसे की इस तरह लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार और सिस्टम की चुप्पी इस पूरे खेल पर सवाल खड़े करती है।” कांग्रेस ने चेतावनी दी कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। धरने में डॉ. हरविंदर सिंह, ओवेश अंसारी, भूषण त्यागी, अजय चौधरी, गुड्डू पार्षद, नीरज अग्रवाल और नावेद मलिक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

