बिजली चोरी पर विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन, चार गांवों में 27 घरों पर गिरी गाज



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
भगवानपुर: बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बुधवार को भगवानपुर क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए चार गांवों में व्यापक चेकिंग की। विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने बेलकी मसाई, रोलाहेड़ी, पलूनी और हकीमपुर तुर्रा गांवों में घर-घर पहुंचकर विद्युत कनेक्शन, मीटर और लाइनों की जांच की। चेकिंग के दौरान विभागीय टीम को कई स्थानों पर विद्युत अनियमितताएं मिलीं। अभियान में 27 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, जिसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि विद्युत चोरी के मामलों में अब किसी तरह की लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी। अचानक बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के गांवों में पहुंचने से लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बन गया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर विद्युत आपूर्ति की जांच करते हुए अनियमित कनेक्शनों और बिजली चोरी के मामलों को पकड़ा।
एसडीओ सजल अटवाल ने कहा कि बिजली चोरी का सीधा असर विद्युत व्यवस्था पर पड़ता है। इससे एक ओर व्यवस्था पर अतिरिक्त भार बढ़ता है, वहीं दूसरी ओर ईमानदारी से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन से ही बिजली का इस्तेमाल करने और किसी भी तरह की अनियमितता से बचने की अपील की। अभियान में उपखंड अधिकारी भगवानपुर सजल अटवाल, अवर अभियंता शिवम सैनी एवं जॉनी कुमार के साथ लाइनमैन दीपक, बादल, सचिन, शुभम, ईश्वर, तबरेज, जाबिर, लोकेश और सुमित तथा मीटर रीडर अफजाल व तौफीक शामिल रहे। विद्युत विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


























