फर्जी आपत्तियों के निस्तारण और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जेएम को सौंपा ज्ञापन



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही शिकायतों और मतदाताओं को हो रही परेशानियों के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर ने मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं एसआईआर रुड़की विधानसभा प्रभारी धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपकर फर्जी आपत्तियों का तत्काल निस्तारण कराने तथा वैध मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की प्रतिनिधि अपर तहसीलदार शुभांगी को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर के दौरान छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जारी किए गए नोटिसों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार निस्तारण किया जाना चाहिए।
वहीं फर्जी शिकायतों और आपत्तियों का निपटारा बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल किया जाए, ताकि आम मतदाताओं को अनावश्यक रूप से सरकारी प्रक्रिया के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि फॉर्म-7 से संबंधित प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। जिस व्यक्ति के नाम पर आपत्ति दर्ज की गई है, उसे भी नोटिस के माध्यम से पर्याप्त सूचना और अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि फर्जी आपत्तियों के कारण वास्तविक मतदाताओं को परेशानी उठानी पड़े, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारियों का निष्पक्ष और ईमानदारी से निर्वहन करता है तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी, लेकिन यदि वैध मतदाताओं को परेशान किया गया या उनके मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस को मजबूरन चुनाव आयोग के खिलाफ जनआंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि संबंधित अधिकारी बिना किसी राजनीतिक दबाव और भेदभाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी वैध मतदाता को अनावश्यक नोटिस या जांच के नाम पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना चुनाव अधिकारी, बीएलओ और जिला निर्वाचन अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि किसी वैध मतदाता को मतदान से वंचित करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस पार्टी कानूनी स्तर पर भी मजबूती से आवाज उठाएगी। इस दौरान प्रदेश सचिव एवं रुड़की सह प्रभारी महेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, सेवा दल अध्यक्ष सुशील कश्यप, जिला प्रवक्ता अनिल पुंडीर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एसपी त्यागी एडवोकेट, पार्षद फजलुर्रहमान, मोनू त्यागी, मकसूद हसन, अब्दुल समद, ढंडेरा नगर अध्यक्ष राव मुन्ना, पूर्व प्रदेश सचिव मुनेश त्यागी, अनूप शर्मा, पूर्व चेयरमैन सेवाराम रोड, बीएलए-1 सलमान सिद्दीकी, अनस आलम, नीरज अग्रवाल, नूर आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


























