September 5, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

बेटी के कत्ल का खौफनाक राज: बाप ने ही रची मौत की कहानी, गंगनहर में फेंका शव!

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: मंगलौर से सामने आई एक ऐसी खौफनाक वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक पिता पर ही अपनी 13 वर्षीय बेटी की हत्या का आरोप सामने आया है। मामला इतना पेचीदा था कि पुलिस भी कई सवालों के बीच उलझी हुई थी। बेटी अचानक लापता हुई, मां ने पिता और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए और इसके बाद शुरू हुई पुलिस की गहन पड़ताल ने आखिरकार उस राज से पर्दा उठा दिया, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया। मामला कोतवाली मंगलौर का है। 21 अगस्त को एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी घर से चली गई थी और वापस नहीं लौटी। महिला ने धनेश्वर उर्फ तोता और आशीष उर्फ धोल्ला पर बेटी को वापस न लाने और पूछताछ करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामला इसलिए और ज्यादा रहस्यमयी बन गया, क्योंकि मृतका की मां ने अपनी ही बेटी की हत्या का शक उसके पिता पर जताया था। पुलिस टीम ने जब सुरागों को जोड़ना शुरू किया तो शक की सुई धीरे-धीरे पिता धनेश्वर उर्फ तोता और उसके साथी आशीष उर्फ धोल्ला की ओर घूमने लगी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि धनेश्वर को अपनी बेटी के किसी व्यक्ति से बातचीत करने का शक था।

आरोप है कि समझाने के बावजूद बेटी के नहीं मानने पर धनेश्वर ने अपने साथी आशीष के साथ मिलकर 27 जुलाई 2026 को कथित तौर पर बेटी को मोटरसाइकिल पर बैठाया और माता मंदिर के पास पुल पर कमीज से उसका गला घोंट दिया। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव को गंगनहर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। वारदात के करीब एक महीने बाद पुलिस ने 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। अब इस सनसनीखेज मामले का सबसे बड़ा सवाल 13 वर्षीय बच्ची का शव है। पुलिस की टीम गंगनहर में शव की तलाश में लगातार जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि शव की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम और आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, दोनों ग्राम ब्रहमपुर जट्ट, थाना कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक धनेश्वर का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मंगलौर और रुड़की में चोरी, धमकी, अवैध हथियार और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, उपनिरीक्षक आनंद मेहरा तथा कांस्टेबल पंकज, सुधीर और मोहम्मद अजीज की पुलिस टीम शामिल रही। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और गंगनहर में मासूम बेटी के शव की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर उस रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे दुनिया में सबसे सुरक्षित रिश्ता माना जाता है—बाप और बेटी का रिश्ता।

Translate »
Right Menu Icon