September 5, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

आईआईटी रुड़की में फिजिकल एआई लैब की पहल, औद्योगिक क्षेत्र में स्वायत्तता को मिलेगी नई रफ्तार

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: औद्योगिक क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वायत्त तकनीक के भविष्य को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। आईआईटी रुड़की और औद्योगिक परिचालनों में स्वायत्तता के क्षेत्र में कार्यरत अवाथॉन ने ‘अवाथॉन फिजिकल एआई लैब’ स्थापित करने की घोषणा की है। प्रस्तावित लैब आईआईटी रुड़की के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग में केंद्रित होगी और फिजिकल एआई के क्षेत्र में अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देगी। इस पहल का उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है, जो केवल कंप्यूटर सिस्टम तक सीमित न रहकर फैक्ट्री, आपूर्ति श्रृंखला, लॉजिस्टिक्स और महत्वपूर्ण औद्योगिक अवसंरचना में वास्तविक स्तर पर स्वायत्त निर्णय लेने में सक्षम हो। अवाथॉन के सीईओ एवं आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र पेरविंदर जौहर ने इस साझेदारी को अपने लिए बेहद खास बताते हुए कहा कि आईआईटी रुड़की ने उनके सोचने और संभावनाओं को देखने के नजरिए को आकार दिया है। उन्होंने कहा कि फिजिकल एआई के जरिए औद्योगिक अर्थव्यवस्था में स्वायत्तता की नई संभावनाएं पैदा की जा सकती है। लैब अवाथॉन के बेंगलुरु स्थित एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ मिलकर काम करेगी। इसका फोकस खनन, ऊर्जा, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में एआई आधारित स्वायत्त समाधान विकसित करने पर रहेगा। लैब के माध्यम से डॉक्टरेट फेलोशिप, संयुक्त शोध, छात्रों की इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और तकनीकी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। यह पहल भारत में फिजिकल एआई अनुसंधान को नई ऊंचाई देने के साथ उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत सेतु बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Translate »
Right Menu Icon