October 20, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

रामलीला में उमड़ा आस्था का सैलाब, रामसेतु निर्माण और अंगद-रावण संवाद ने बांधा समां

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: देवभूमि आदर्श सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित ग्यारह दिवसीय डिजिटल रामलीला के नौवें दिन श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीराम की लीला का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में रामभक्त कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कलाकारों ने समुद्र पर रामसेतु निर्माण और अंगद-रावण संवाद के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। दोनों प्रसंगों में कलाकारों के अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मेयर गौरव गोयल और भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने आचार्य के सानिध्य में भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट करके स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली आदर्श आचार संहिता भी है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें प्रेम, सद्भाव, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। उन्होंने कहा कि रामायण के संदेशों को आत्मसात कर समाज में व्याप्त जातीय भेदभाव को समाप्त करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। प्रभु श्रीराम के आदर्श संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र और उनकी शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार करना सनातन संस्कृति की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला जैसे कार्यक्रम समाज में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। वार्ड पार्षद एवं रामलीला संचालक सचिन कश्यप ने अतिथियों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि आदर्श सोसाइटी पिछले आठ वर्षों से निरंतर सेवा और समर्पण की भावना के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में जुटी हुई है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए समिति के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की। वहीं, रामलीला समिति के अध्यक्ष आदित्य तोमर और कोषाध्यक्ष कमल भाटी ने कहा कि इस वर्ष ग्यारह दिवसीय रामलीला को लेकर सोसाइटी के सदस्यों और रामभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में श्रीराज कश्यप, राजेश, चौधरी मयंक, आशीष कश्यप, प्रदीप चौहान, निखिल वर्मा, प्रदीप, अभिषेक, अनमोल, अंकित, मयंक कुमार, अनुज सैनी, विपिन सहित देवभूमि आदर्श सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Translate »
Right Menu Icon