स्वामी समनदास का जन्मोत्सव धूमधाम से संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था; अतिथियों ने उनके आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: ग्राम बाजूहेड़ी में स्वामी समनदास जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और देर रात तक धार्मिक भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। जन्मोत्सव समारोह में खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा और रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दोनों अतिथियों ने स्वामी समनदास जी को नमन करते हुए उनके सामाजिक योगदान और आदर्शों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी समनदास जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनके विचारों और कार्यों ने समाज को नई दिशा देने का काम किया, जिसे सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। अतिथियों ने कहा कि स्वामी समनदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा के प्रसार, सामाजिक सद्भाव, समानता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने ऐसे समाज के निर्माण पर जोर दिया, जहां हर व्यक्ति को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और सामाजिक समरसता के साथ संपन्नता का मार्ग प्रशस्त हो।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक भजनों और भक्ति संगीत ने माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। जन्मोत्सव के अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी और धार्मिक उत्साह देखने लायक रहा। इस अवसर पर आश्रम के प्रबंधक महात्मा प्रेमदास, राजेश कुमार, अभिषेक कुमार, तेजपाल मौर्य, सोमपाल सिंह, चंद्रशेखर जाटव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु मौजूद रहे।

