उत्तराखंड पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल
(मौहम्मद नाज़िम) उत्तराखंड में पुलिस प्रशासन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में शासन और पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले किए गए हैं। शासन स्तर से जारी आदेशों के अनुसार ये सभी तबादले 30 जनवरी 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी बिना विलंब अपनी नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। शासन का कहना है कि यह प्रशासनिक बदलाव कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, सुरक्षा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा विभागीय समन्वय में गति लाने के उद्देश्य से किया गया है। पदोन्नति के बाद हुए तबादलों में दीपक सिंह को उत्तरकाशी से अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विवेक कुमार को हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नियुक्त किया गया है, जबकि नरेंद्र पाल को हरिद्वार से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक विजिलेंस/अभिसूचना बनाया गया है। इसके अलावा श्रीमती जुही मनराल, अंकुर मिश्रा, श्रीमती पूर्णिमा गर्ग, आशीष भारद्वाज, अविनाश वर्मा, श्रीमती दीप्तिशा अग्रवाल, शानू पराशर और श्रीमती अल्पना बडोला को भी नई जिम्मेदारियों के साथ अहम पद सौंपे गए हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय ने सात पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले के आदेश भी जारी किए हैं। वंदना वर्मा को जनपद चंपावत से देहरादून भेजा गया है।
योगेश चन्द्र को अभिसूचना मुख्यालय से पुलिस मुख्यालय, ओशिन जोशी को टिहरी गढ़वाल से सीआईडी सेक्टर देहरादून, भास्कर लाल साह को देहरादून से सचिवालय एवं विधानसभा सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मनोज के. असवाल को देहरादून से अभिसूचना मुख्यालय, बलवंत सिंह रावत को अभिसूचना मुख्यालय से अल्मोड़ा और गोपाल दत्त जोशी को अल्मोड़ा से अभिसूचना मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही श्रीमती शाहजहां जावेद को अपर पुलिस अधीक्षक कार्मिक पद से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात निदेशालय नियुक्त किया गया है। जोगराज जोशी को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी से उप सेनानायक 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार बनाया गया है। राजन सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है, जबकि श्रीमती कमला बिष्ट को सीआईडी/विशेष शाखा हल्द्वानी से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।

