श्रमदान से स्वच्छता तक: शहर ने दिखाया एकजुट संकल्प
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर आयोजित वृहद श्रमदान सफाई कार्यक्रम के अंतर्गत आज प्रातः “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान को लेकर शहर भर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जनसहभागिता का ऐसा सशक्त उदाहरण सामने आया, जिसने स्वच्छता को एक अभियान से आगे बढ़ाकर जनआंदोलन का रूप दे दिया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री भाजपा ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह की सक्रिय सहभागिता और प्रेरक नेतृत्व विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।
उन्होंने स्वयं श्रमदान कर कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह बढ़ाया तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उनके साथ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ अभियान को सफल बनाया। इस स्वच्छता अभियान में रोटरी क्लब जैसी प्रतिष्ठित स्वयंसेवी संस्था, भाजपा कार्यकर्तागण एवं जागरूक नागरिकों ने एकजुट होकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान करते हुए सभी ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सबका सामूहिक दायित्व है।
हम सभी का एक साझा सपना है कि हमारा शहर, हमारा जिला और हमारा प्रदेश स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बने। इसी उद्देश्य के साथ आज न केवल सफाई की गई, बल्कि आमजन से स्वच्छता अपनाने, कूड़ा न फैलाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का सतत आह्वान भी किया गया। एक साथ मिलकर किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से सकारात्मक और स्थायी बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस दौरान जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने स्वच्छता अभियान में सहयोग देने वाले सभी साथियों, संस्थाओं एवं नागरिकों का हृदय से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

