City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

मनरेगा में हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस का हुंकार, गरीबों को अधिकार दिलाने का संकल्प – राजेंद्र चौधरी

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। गरीब और वंचित परिवारों को मनरेगा योजना का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में कान्हापुर गांव के अंबेडकर भवन प्रांगण में मनरेगा को लेकर एक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी पीड़ा खुलकर रखी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में मनरेगा योजना पूरी तरह से कागजों तक सिमट कर रह गई है। अधिकांश गरीब परिवारों के जॉब कार्ड तक नहीं बने हैं और जिन कुछ लोगों के पास कार्ड हैं, उन्हें भी पिछले पांच वर्षों से न तो काम मिला है और न ही बेरोजगारी भत्ता। वहीं, गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे कई परिवारों के सफेद राशन कार्ड भी अब तक नहीं बनाए गए हैं। महिलाओं ने बताया कि पूरे गांव में महज छह–सात परिवारों के ही मनरेगा जॉब कार्ड बने हुए हैं और उन्हें भी ग्राम प्रधान द्वारा कोई कार्य नहीं दिया गया। किसी भी लाभार्थी के खाते में मजदूरी की राशि नहीं पहुंची है। महिलाओं ने मांग की कि सभी पात्र गरीब परिवारों के मनरेगा जॉब कार्ड और राशन कार्ड तत्काल बनाए जाएं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कहा कि वह गरीब परिवारों की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को दिखावे तक सीमित कर दिया गया है, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और गरीबों के साथ धोखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और ब्लॉक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

मौके पर ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमनलता से फोन पर वार्ता कर मंगलवार तक सभी महिलाओं के जॉब कार्ड की केवाईसी अपडेट कराने तथा ग्राम पंचायत सचिव को मौके पर मनरेगा कार्य उपलब्ध कराने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने साफ किया कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो धरना–प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी ब्लॉक प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी। इसके साथ ही उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से भी फोन पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि जिन गरीब परिवारों को सरकार द्वारा काम नहीं दिया जा रहा है, उन्हें नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता देना ही होगा। गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए कांग्रेस किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर संजय उर्फ गुड्डू, मुनफैत अली, मोहित त्यागी, वैभव सैनी, मुस्लिम सत्तार, फतेह सिंह, रामकुमार, नंदलाल, बीजू, कर्मपाल सहित सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Translate »
Right Menu Icon