City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

घोसीपुरा में खूनी संघर्ष पर पुलिस का एक्शन, वायरल वीडियो ने खोली पोल—एक आरोपी गिरफ्तार

(मौहम्मद नाज़िम) मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम घोसीपुरा में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना ने उस वक्त गंभीर रूप ले लिया, जब दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए। घटना दिनांक 06 फरवरी 2026 की है, जिसको लेकर वादी अमजद निवासी घोसीपुरा ने कोतवाली मंगलौर में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। घटना के दौरान घायल हुए कुछ व्यक्तियों की स्थिति को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सरकारी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस की इस तत्परता से समय रहते घायलों को चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, वहीं लोग दहशत में नजर आए। इसी बीच मारपीट की घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे, जिससे मामला और भी सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपितों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही पुलिस टीमों का गठन कर आरोपित पक्ष के लोगों की पहचान और तलाश शुरू की गई। लगातार की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने नूर हसन पुत्र हनीफ निवासी ग्राम घोसीपुरा, कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह, उपनिरीक्षक राम बहादुर, कांस्टेबल किशन देव राणा तथा कांस्टेबल मोहम्मद आमिर की टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील करते हुए साफ किया है कि अफवाह फैलाने और हिंसा को बढ़ावा देने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।

Translate »
Right Menu Icon