“रुड़की को स्वच्छ बनाने निकले ई. चैरब जैन गंगा–सोलानी को बताया धरोहर”
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर चलाए जा रहे “हरिद्वार स्वच्छ हो” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए फॉनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन एवं भाजपा के युवा और सक्रिय नेता इंजीनियर चैरब जैन के नेतृत्व में कलियर अड्डे के समीप राणा सांगा घाट पर एक व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। प्रातःकाल शुरू हुए इस अभियान में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर नहर किनारे फैली गंदगी को साफ किया और समाज को स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया। अभियान की शुरुआत करते हुए इंजीनियर चैरब जैन ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह हर नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बननी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक आमजन स्वयं जागरूक होकर स्वच्छता को अपनाएगा नहीं, तब तक स्वच्छ और सुंदर नगर की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नहरों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकें और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। चैरब जैन ने कहा कि नगर के बीच से होकर बहने वाली सोलानी नदी और गंगा नहर हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर हैं। इन्हें स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे स्वच्छता अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा। वहीं भाजपा नेता दीपक पांडे ने भी स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष आयुष बिड़ला सहित आशीष जैन, शिवा स्नेही, केशव, अक्षय पाल, आकाश गौतम, अनिल थापा, नवल जोशी, राजन कुमार, तरुण घाघट, जुनैद मलिक समेत अनेक कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



























