भाजपा जिला कार्यालय में संगठन का महासंगम, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ जोरदार स्वागत
City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आज संगठनात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, किसान मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह की सक्रिय मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मोर्चों के पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ करेंगे तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और संगठनात्मक समन्वय से ही आगामी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह केवल पद नहीं बल्कि सेवा का अवसर है। जिला महामंत्री सागर गोयल ने संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर दिया। अनुसूचित मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीटू सिंह मड़ावर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुदेश चौधरी तथा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल मुल्तानी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन हित में कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा लगातार सशक्त और गतिशील हो रहा है। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।



























