मंगलौर में हरे पेड़ों पर बेरहम आरी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
City News Network (मौहम्मद नाज़िम) :::
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में राजवहा के समीप स्थित एक पुराने आम के बाग में पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इलाके के लोगों ने आरोप लगाया है कि बाग में खड़े हरे-भरे आम के पेड़ों पर धड़ल्ले से आरी चलाई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अब तक करीब दस पेड़ काटे जा चुके हैं, जबकि कई अन्य पेड़ों को निशाना बनाने की तैयारी दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिन पेड़ों को काटा गया है, वे पूरी तरह स्वस्थ और फलदार थे। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पेड़ों में किसी प्रकार की बीमारी या सूखने जैसी स्थिति नहीं थी। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर हरे-भरे पेड़ों की कटाई किस आधार पर की जा रही है? घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में रोष का माहौल बन गया। पर्यावरण प्रेमियों और समाजसेवियों ने इसे प्रकृति के साथ खिलवाड़ करार देते हुए कहा कि बिना स्पष्ट अनुमति और ठोस कारण के पेड़ों को काटना पर्यावरणीय संतुलन के लिए खतरा है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में और भी पेड़ धराशायी हो सकते हैं। मामले को लेकर उद्यान अधिकारी प्रताप सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। इससे संदेह और गहरा गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कटान में कोई अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह हरियाली पर आरी न चल सके।



























