चुनावी पारदर्शिता की तैयारी: IIT रुड़की में BLOs को मिला खास प्रशिक्षण



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज आईआईटी रुड़की के कन्वेंशन हॉल में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें तहसील रुड़की के बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने बीएलओ को संबोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की अहमियत को रेखांकित किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची का सही और समयबद्ध अद्यतन लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश न रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीएलओ द्वारा उठाए गए सवालों और शंकाओं का भी विस्तार से समाधान किया गया। इस दौरान उन्हें एसआईआर प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के सही उपयोग, घर-घर सत्यापन और मतदाता सूची को अद्यतन करने की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अपर तहसीलदार शुभांगिनी और नायब तहसीलदार रुड़की भी मौजूद रहे। उन्होंने भी अधिकारियों को व्यावहारिक सुझाव देते हुए निर्वाचन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बीएलओ को पूरी तरह दक्ष बनाना था, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की चूक न हो और हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।


























