प्रवेश उत्सव में झलका उत्साह, नए सपनों के साथ विद्यार्थियों ने रखा पहला कदम
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज, मखदूमपुर में मंगलवार को नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए आयोजित प्रवेश उत्सव पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां रंगीन गुब्बारे, स्वागत बैनर और सजी हुई कक्षाओं ने नए विद्यार्थियों के मन में पहली ही झलक में अपनापन और उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय आर्य ने मंच संभालते हुए नवागंतुक विद्यार्थियों का आत्मीय अभिनंदन किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है, जहां से बच्चे अपने जीवन की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों, नियमों और अनुशासन की विस्तृत जानकारी दी।
बच्चों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार वे विद्यालय के माहौल में ढलकर अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य नव प्रवेशित छात्रों के मन में व्याप्त झिझक को समाप्त कर उनमें आत्मविश्वास, उत्साह और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना रहा, जिसमें विद्यालय प्रबंधन पूरी तरह सफल रहा। बच्चों के चेहरों पर दिख रही मुस्कान और ऊर्जा इस आयोजन की सफलता की गवाही दे रही थी। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित कर उनके नए शैक्षिक सफर की मिठास को और खास बनाया गया। इस अवसर पर मैनपाल सिंह, पारुल गोयल, ईशा चौधरी, अस्मिता तोमर, सुधीर कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।




















































