City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

मौत का नाटक कर छिपा था दुष्कर्म आरोपी, मंगलौर पुलिस की जांच ने खोली पूरी साजिश

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मंगलौर पुलिस ने एक शातिर आरोपी की चाल को नाकाम करते हुए करीब दो माह से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ऐसा जाल बिछाया था, जिससे लगे कि उसने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है, लेकिन पुलिस की लगातार मेहनत और जांच के आगे उसकी साजिश बेनकाब हो गई। मामला कोतवाली मंगलौर क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी सात वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए अप्रैल 2026 में आरोपी नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र के खिलाफ पोक्सो एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाने बदलता रहा। इसी दौरान पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने खुद को मृत साबित करने के लिए नहर किनारे अपने कपड़े, जूते और अन्य सामान छोड़ दिए थे, ताकि पुलिस और परिजनों को लगे कि उसने आत्महत्या कर ली है। लेकिन मंगलौर पुलिस ने इस साजिश को भांपते हुए हर पहलू की गहन जांच जारी रखी।

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र पुत्र मुंशी निवासी ग्राम मन्नाखेड़ी, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से अपराधियों में सख्त संदेश गया है कि अपराध करने के बाद कानून से बचना आसान नहीं है।

Translate »
Right Menu Icon