September 5, 2026

City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

गौरव गोयल का बड़ा हमला, एसआईआर पर उठाए सवाल—बोले, फर्जी आपत्तियों से कट सकते हैं वोट!

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

रुड़की: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने एसआईआर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि फर्जी आपत्तियों के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने की कोशिश की जा रही है। पूर्व मेयर गौरव गोयल पुराने मकतूलपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 45 पर पहुंचे, जहां उन्होंने सक्षम अधिकारी के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा ऐसी आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के वोट कटवाना हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही किसी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित कर सकती है। गौरव गोयल ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ प्रतिनिधियों के समर्थक कथित तौर पर आपत्तियां दाखिल कर मतदाता सूची में नाम हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन आपत्तियों को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं, उनका निस्तारण किस आधार पर किया जा रहा है। पूर्व मेयर ने कहा कि एसआईआर किसी राजनीतिक दल का हथियार नहीं, बल्कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच हो और बिना पर्याप्त सत्यापन के किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोगों को एसआईआर प्रक्रिया से राजनीतिक लाभ मिलने की उम्मीद है और यही वजह है कि कथित फर्जी आपत्तियों को लेकर अब तक स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। गौरव गोयल ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं और किसी भी पात्र व्यक्ति का वोट गलत तरीके से कटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आम मतदाताओं से भी अपील की कि वे किसी और के भरोसे न रहें, बल्कि स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि नाम को लेकर कोई गड़बड़ी दिखाई देती है या किसी व्यक्ति के खिलाफ गलत आपत्ति दर्ज होने की जानकारी मिलती है, तो समय रहते संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देकर जांच कराएं। फिलहाल एसआईआर प्रक्रिया को लेकर रुड़की में सियासी बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पूर्व मेयर द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर प्रशासन और भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Translate »
Right Menu Icon