श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज मखदूमपुर में गूंजा खेल प्रतिभाओं का जोश, खेल महाकुंभ का हुआ भव्य समापन
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
मखदूमपुर: खेल प्रतिभाओं को मंच देने और ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत न्याय पंचायत मखदूमपुर, ब्लॉक नारसन की अंडर-14 एवं अंडर-19 प्रतियोगिताओं का आज 8 सितंबर को श्री सत्यनारायण मंदिर इंटर कॉलेज मखदूमपुर के खेल मैदान में शानदार समापन हुआ।
6 सितंबर से शुरू हुई इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जीत की होड़ और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर दौड़ और लंबी कूद, जबकि अंडर-19 वर्ग में 100, 200, 400, 600, 800 और 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं चक्का फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गई। समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधक डा. विजय प्रधान एवं प्रधानाचार्य संजय आर्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पदक और प्रमाण पत्र पाकर खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। आयोजन को सफल बनाने में अखिल प्रधान, प्रमेंद्र कुमार मलिक, मासूम अली, रविंद्र कुमार, रोबिन कुमार, पंकज कुमार एवं सुधीर कुमार सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

