एकता से मजबूत होगा समाज, युवा शक्ति से संवरेगा राष्ट्र: गौरव गोयल
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: नगर के प्रमुख व्यापारी दीपक मित्तल एवं समाजसेवी रामगोपाल कंसल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता को लेकर महत्वपूर्ण विचार रखे गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता और युवा पीढ़ी की सकारात्मक दिशा पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए।
साथ ही धर्म, शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करने की आवश्यकता है। पूर्व मेयर ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति में ही प्रत्येक नागरिक की प्रगति निहित है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जीवन के आयोजनों से लेकर राष्ट्रीय पर्वों तक हर अवसर पर हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद रखना चाहिए और अपने पूर्वजों द्वारा स्थापित संस्कारों एवं विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने सदैव सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
दीपक मित्तल ने कहा कि समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही समाज सेवा के कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है। वहीं रामगोपाल कंसल ने कहा कि वर्तमान समय में समाज की कुरीतियों को दूर करने और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। युवाओं को नई सोच और सकारात्मक मार्गदर्शन देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है, क्योंकि युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की आधारशिला हैं। इस अवसर पर अभिषेक चंद्रा, राजन गोयल, सागर गोयल, कविश मित्तल, अमित अग्रवाल, आदर्श गुप्ता, अमन गोयल, नितिन सिंघल एवं तुषार गोयल सहित अन्य लोगों ने दीपक मित्तल और रामगोपाल कंसल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

