स्वच्छता से स्वाभिमान तक: रोटरी के प्रयास से लक्सर में महिलाओं को मिली नई पहचान
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
लक्सर: महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में लक्सर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां रोटरी इंटरनेशनल के ग्लोबल ग्रांट प्रोजेक्ट के तहत मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह परियोजना Rotary Fremont Bridge (यूएसए) और Rotary Club Roorkee Midtown के संयुक्त सहयोग से संचालित की गई, जिसने क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी। इस पहल के तहत पुन: उपयोग योग्य (Reusable) सैनिटरी नैपकिन के निर्माण और उपयोग को बढ़ावा दिया गया। इसके लिए 30 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 300 महिलाओं और बालिकाओं को सैनिटरी नैपकिन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इतना ही नहीं, 1000 स्कूली छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष व्याख्यान भी आयोजित किए गए।
परियोजना के अंतर्गत 50 सिलाई मशीनें, कपड़ा और प्रशिक्षण से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का खर्च रोटरी क्लब द्वारा वहन किया गया, जिससे महिलाओं को न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता मिली बल्कि आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त हुआ। इस पूरे प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन में Fem World India का विशेष योगदान रहा। लक्सर में आयोजित समापन समारोह में वक्ताओं ने इस पहल को महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के खुले मन से इस अभियान में भाग लेने की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास की प्रशंसा की। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के गवर्नर रो० रवि प्रकाश, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हेमंत अरोड़ा, रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन के अध्यक्ष रो० डॉ० विकास त्यागी, पूर्व अध्यक्ष रो० हिमांशु पुंडीर, रो० रमेश रावल, रो० ऋचा अहलावत, रो० डॉ० मधुलिका सहित Fem World India की ओर से डॉ० राधिका, शालिनी, अमित कुमार और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र की महिलाएं और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। यह परियोजना न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दे रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में एक नई दिशा भी प्रदान कर रही है, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।

