मेयर अनीता अग्रवाल के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र को मिली विकास की मजबूत रफ्तार, 8 लाख की सड़क का लोकार्पण
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की! नगर निगम रुड़की ने औद्योगिक विकास को मजबूती देने की दिशा में एक और ठोस कदम बढ़ाया है। वार्ड संख्या 24, सलेमपुर-राजपूताना औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित 106 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का मेयर श्रीमती अनीता देवी अग्रवाल ने विधिवत लोकार्पण किया। यह सड़क रेकॉर फैक्ट्री के सामने जे.एम.एम. से शुरू होकर ग्लोबल फैक्ट्री तक बनाई गई है, जिससे वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से उद्योगों और श्रमिकों को राहत मिली है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र किसी भी शहर की आर्थिक धड़कन होते हैं और नगर निगम इनके विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों के निर्माण के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। मेयर ने भरोसा दिलाया कि रुड़की के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं पर नियमित रूप से नजर रखकर समयबद्ध समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) शोभाराम प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष केतन भारद्वाज, भाजपा नेता एवं मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल तथा क्षेत्रीय पार्षद पति सोनू कश्यप भी मंच पर मौजूद रहे। सड़क निर्माण की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता को लेकर स्थानीय उद्यमियों ने नगर निगम और मेयर प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया। सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी निगरानी मुख्य नगर आयुक्त राकेश चन्द्र तिवारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें अधिशासी अभियन्ता विपुल सैनी, सहायक अभियन्ता अभय सिंह और अवर अभियन्ता श्वेता बेनी शामिल रहे। इस अवसर पर रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.बी. गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश मित्तल, सचिव अजय गर्ग, संयुक्त सचिव राजकुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष ए.क्यू. अंसारी सहित बड़ी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। औद्योगिक क्षेत्र में बनी यह नई सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि स्थानीय उद्योगों को भी विकास की नई गति प्रदान करेगी।



























