City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

विधायक प्रदीप बत्रा की पहल: कामकाजी माता-पिता के लिए रामनगर में शुरू हुआ पालना क्रेच सेंटर

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। क्षेत्र के कामकाजी परिवारों के लिए एक बेहद राहत देने वाली पहल सामने आई है। रामनगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में अब बच्चों की सुरक्षित देखभाल के लिए पालना क्रेच सेंटर की शुरुआत कर दी गई है। इस सेंटर का शुभारंभ नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने फीता काटकर किया। यह क्रेच सेंटर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और खासतौर पर उन माता-पिता के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो रोज़गार के चलते दिनभर अपने बच्चों की देखभाल को लेकर चिंतित रहते थे। उद्घाटन के अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और पोषणयुक्त माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह पालना क्रेच सेंटर उन कामकाजी अभिभावकों के लिए संजीवनी साबित होगा, जो नौकरी के कारण अपने बच्चों को पूरा समय नहीं दे पाते। अब माता-पिता निश्चिंत होकर अपने बच्चों को सुरक्षित हाथों में छोड़कर अपने कार्यस्थल जा सकेंगे। वहीं, सीडीपीओ संदीप अरोड़ा ने केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि इस क्रेच सेंटर में 6 माह से लेकर 6 वर्ष तक के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। बच्चों की बेहतर देखरेख के लिए केंद्र में दो आया और दो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की तैनाती की गई है। प्रारंभिक चरण में लगभग 15 बच्चों की नियमित देखभाल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस केंद्र को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। कुल मिलाकर यह पहल न सिर्फ बच्चों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करेगी, बल्कि कामकाजी परिवारों के जीवन को भी पहले से कहीं अधिक आसान करेगी। इस अवसर पर बच्चों के पोषण, स्वच्छता और सुरक्षा के कड़े मानकों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love
Translate »
Right Menu Icon