गुरु रविदास जयंती: जिला कार्यालय में रणनीतिक बैठक
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज रुड़की स्थित जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी जयंती को भव्य, गरिमामय और समाजिक एकता के संदेश के साथ मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से गुरु रविदास जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता व सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि जयंती कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को जागृत करने का माध्यम होना चाहिए।
इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, जिला अध्यक्ष नीटू मंडावर, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, प्रदेश प्रवक्ता मोहित राष्ट्रवादी, प्रदेश उपाध्यक्ष मास्टर सत्यपाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष जॉनी केसरिया सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर जयंती को सफल बनाने का संकल्प लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।



























