गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य और शिक्षा की बड़ी सौगात, प्रज्ञा हॉस्पिटल का मुफ्त इलाज अभियान
(मौहम्मद नाज़िम) झबरेड़ा। 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर झबरेड़ा स्थित प्रज्ञा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी और सराहनीय सौगात दी है। हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से घोषणा की गई है कि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए सभी प्रकार के ऑपरेशन पूरी तरह से निशुल्क किए जाएंगे। इसके साथ ही मरीजों को सभी आवश्यक जांच और दवाइयां भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह विशेष स्वास्थ्य सेवा अभियान 26 जनवरी से 15 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। प्रज्ञा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल झबरेड़ा एवं संजीवनी शिक्षा पीठ के प्रोपराइटर डॉ. दिनेश त्रिपाठी ने इस अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी को संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना चाहिए और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और इसी भावना के तहत यह पहल की गई है। डॉ. त्रिपाठी ने जानकारी दी कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रज्ञा हॉस्पिटल की यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो। आयुष्मान कार्ड धारकों को इस अवधि में किसी भी प्रकार के ऑपरेशन, जांच या दवाइयों के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी संजीवनी शिक्षा पीठ द्वारा बड़ी घोषणाएं की गई हैं। संस्थान में GNM, D. PHARMA और BSC NURSING पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार रुपये का कैशबैक दिया जाएगा।
यह राशि विद्यार्थियों को तुरंत नगद रूप में प्रदान की जाएगी, जिससे अभिभावकों को भी आर्थिक राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान को प्रोत्साहित करते हुए डॉ. दिनेश त्रिपाठी ने घोषणा की कि जिन छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें उपहार स्वरूप इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की जाएगी। यह पहल बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कुल मिलाकर, गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रज्ञा हॉस्पिटल झबरेड़ा और संजीवनी शिक्षा पीठ की यह संयुक्त पहल स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में समाजहित के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। जिससे क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।



























