“राष्ट्रवाद और अंत्योदय की ज्योति के वाहक पंडित दीनदयाल को रुड़की में भावभीनी श्रद्धांजलि”
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुड़की में पार्टी के प्रेरणास्रोत, महान चिंतक और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘अंत्योदय’ का जो विचार देश को दिया, वही आज भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का अर्थ केवल विकास नहीं, बल्कि उस अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है, जो समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा है। केंद्र और राज्य सरकारें इसी भावना के साथ कार्य कर रही हैं। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने अपने वक्तव्य में कहा कि पंडित जी का राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित चिंतन आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने भारतीय संस्कृति के अनुरूप ऐसा विकास मॉडल प्रस्तुत किया, जो केवल आर्थिक उन्नति तक सीमित नहीं, बल्कि नैतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक प्रगति को भी समान महत्व देता है। उनका एकात्म मानववाद मानव और समाज के संतुलित व समग्र विकास की परिकल्पना करता है। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनका अथक परिश्रम और विचारों की स्पष्टता भारतीय राजनीति में एक नई दिशा लेकर आई। एडवोकेट बृजेश त्यागी ने उनके जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सादगी, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना हमें उनसे सीखनी चाहिए।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री सागर गोयल, कार्यक्रम संयोजक सोनू धीमान, सहसंयोजक सतीश सैनी, जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह, संजीव तोमर, प्रवेश प्रिया, जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, जिला मंत्री प्रतिभा चौहान, नवनीत सिंह, सचिन झबरेड़ी, कार्यालय प्रभारी कदम सिंह, सह प्रभारी अंकित गौतम, आदित्य रोड, सुदेश चौधरी, नीलकमल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, बृजमोहन सैनी, सावित्री मंगला, अरुण लोहान, महेंद्र काला, विनय बालियन सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों के अनुरूप समाज निर्माण और राष्ट्र को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



























