City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

“सेफ ड्रग, सेफ लाइफ” अभियान की सख्त कार्रवाई: ज्वालापुर में दो मेडिकल स्टोर सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

(मौहम्मद नाज़िम) हरिद्वार। मादक एवं मन प्रभावी दवाइयों की अवैध बिक्री पर शिकंजा कसते हुए फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) की टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। नार्कोटिक दवाइयों के क्रय-विक्रय अभिलेख उपलब्ध न कराने और भारी अनियमितताएं पाए जाने पर दो औषधि विक्रेता फर्मों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है तथा उनके लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जा रही है। दिनांक 11/02/2026 को अपर आयुक्त, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तराखंड, देहरादून से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में उप औषधि नियंत्रक द्वारा गठित त्वरित कार्यवाही दल (QRT) ने वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनीता भारती के नेतृत्व में “सेफ ड्रग, सेफ लाइफ अभियान” के अंतर्गत संयुक्त औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई कोडीन युक्त कफ सिरप तथा स्वापक एवं मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण के दौरान वैभव मेडिकोज, सराय रोड, ज्वालापुर तथा कुमार केमिस्ट, आर्यनगर, ज्वालापुर में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। आवश्यक क्रय-विक्रय अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों फर्मों के संचालन पर रोक लगाते हुए तत्काल बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई जनहित एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से की गई है। मादक एवं मन प्रभावी औषधियों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जनपद हरिद्वार में प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, विनोद जगुड़ी, ऋषभ धामा, हार्दिक भट्ट एवं मेघा शामिल रहे। अपर आयुक्त के आदेशों के तहत स्वापक और मन प्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय में नियमों का पालन न करने पर संबंधित फर्मों के औषधि विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान 04 अन्य फर्मों को मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Translate »
Right Menu Icon