City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

गंगनहर की लहरों पर लगाम की मांग: ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने उठाई जनसुरक्षा की जोरदार आवाज

(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। नगर के बीचों-बीच बहने वाली गंगनहर में लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने ठोस पहल शुरू कर दी है। भाजपा जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू करने की मांग की। ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि गंगनहर आस्था और जीवन का प्रतीक है, लेकिन सुरक्षा के अभाव में यह हादसों का कारण बन रही है। उन्होंने मांग की कि नहर के संवेदनशील और दुर्घटना-प्रवण स्थानों पर दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा रस्सियां या स्टील वायर लगाए जाएं, ताकि फिसलने या गिरने की स्थिति में व्यक्ति तुरंत सहारा लेकर खुद को बचा सके। इसके साथ ही गहरे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन कर बड़े चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि निर्धारित दूरी पर लाइफबॉय और अन्य जीवनरक्षक उपकरण लगाए जाएं, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित हों तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रेलिंग और बैरिकेडिंग अनिवार्य की जाए। ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने यह भी प्रस्ताव रखा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के विशेषज्ञों के सहयोग से तकनीकी नवाचार आधारित सुरक्षा मॉडल विकसित किया जाए, ताकि स्थायी समाधान निकल सके। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गुरजेंद्र सिंह रिंकू, आशीष अरोड़ा, आदित्य शर्मा, विभोर खन्ना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई, ताकि भविष्य में गंगनहर में होने वाली दर्दनाक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Spread the love
Translate »
Right Menu Icon