मानवाधिकार के नाम पर महाठगी! पिरान कलियर में फर्जी प्रमाण पत्र गिरोह का भंडाफोड़
(मौहम्मद नाज़िम) पिरान कलियर। कप्तान नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने पिरान कलियर में फर्जी दस्तावेजों के बड़े नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के दौरान कोतवाली पिरान कलियर पुलिस व स्थानीय अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में छापेमारी की। यहां “शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र” के नाम से संचालित कार्यालय में युवक लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करता मिला। गिरफ्तार आरोपी शहनवाज (24) पुत्र मौ. प्यारे निवासी ग्राम दाउदपुर थाना साहिबगंज जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) हाल निवासी अलीशान होटल पिरान कलियर, होटल के कमरे को ही फर्जी दस्तावेज बनाने का अड्डा बनाए हुए था।
जांच के दौरान बरामद जन्म प्रमाण पत्रों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित मिला और उन पर उत्तराखंड सरकार का लोगो व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड का दुरुपयोग किया गया था। नगर पंचायत पिरान कलियर के ईओ से व्हाट्सएप पर सत्यापन कराने पर सभी प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। मानवाधिकार आयोग का पहचान पत्र भी जाली निकला। छापेमारी में 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, 06 आधार कार्ड, 07 अलग-अलग मोहरें, एक लैपटॉप, चार्जर, माउस व मोबाइल फोन रेडमी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दस्तावेज ऑनलाइन बनाता था और कुछ ऑनलाइन मंगवाकर प्रिंट निकालता था।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अब तक लगभग एक हजार से अधिक फर्जी दस्तावेज जारी कर चुका है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसओ रविन्द्र कुमार, व0उ0नि0 सुनील पंत, उ0नि0 उपेन्द्र सिंह, हे0का0 रविन्द्र वालियान, का0 जितेन्द्र सिंह, का0 चालक नीरज राणा तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई की टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दस्तावेजों के दुरुपयोग और संभावित नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।



























