SIR अभियान को लेकर भाजपा की रणनीतिक बैठक, बूथ सशक्तिकरण और समन्वय पर जोर
(मौहम्मद नाज़िम) रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित कि गई। बैठक मे जिला महामंत्री ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक का मुख्य उद्देश्य अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना, संगठनात्मक समन्वय को मजबूत बनाना और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर अक्षय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि SIR अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण किया जाए, नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसकी जमीनी सक्रियता में निहित है और यदि बूथ सशक्त होगा तो पूरा संगठन मजबूत होगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क स्थापित करे और पात्र नागरिकों को जागरूक कर सूची में नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित करे। अभियान को मिशन मोड में संचालित करने पर जोर देते हुए उन्होंने पारदर्शिता, समयबद्धता और टीम वर्क को सफलता की कुंजी बताया। वहीं जिला अध्यक्ष मधु सिंह ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समन्वित प्रयास करने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में सागर गोयल, बीएलए-1 सुशील त्यागी, देशपाल रोड, सत्वेन्द्र प्रधान, संजीव तोमर, मनोज नायक सहित विभिन्न मंडल अध्यक्ष—गुरजेंद्र सिंह, शोभित गुप्ता, सुरेश सैनी, आशीष कुमार, संदीप पुरी, संदीप रघुवंशी, विकास पाल और अशोक पांडे—उपस्थित रहे। बैठक का स्पष्ट संदेश रहा कि SIR अभियान को पूरी गंभीरता, रणनीतिक तैयारी और संगठनात्मक शक्ति के साथ सफल बनाकर भाजपा जिले में अपनी जमीनी पकड़ को और अधिक सुदृढ़ करेगी।



























