City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

21 घंटे में चेन लूट का खुलासा… शातिर गैंगस्टर अनमोल गिरफ्तार, साथी फरार

City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::

हरिद्वार: हरिद्वार के पॉश शिवालिक नगर में हुई चेन लूट की वारदात का रानीपुर पुलिस ने महज 21 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गैंग के शातिर अपराधी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। 23 मार्च की रात करीब 8 बजे शिवालिक नगर स्थित “शील फार्मेसी” पर हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी थी। बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और “गुड नाइट” मशीन मांगने के बहाने अचानक दुकानदार सत्यशील वत्स के गले से सोने की चेन झपट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई। 25 मार्च को पुलिस ने बीएचईएल तिराहा, बहादराबाद के पास से आरोपी अनमोल गर्ग (24 वर्ष), पुत्र रजनीश गर्ग, निवासी गांधी नगर, थाना नई मंडी, जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और नकदी बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला (निवासी बुराड़ी, दिल्ली) के साथ मिलकर पहले इलाके की रेकी करते हैं और फिर सुनसान या आसान टारगेट को निशाना बनाते हैं। दोनों नशे के आदी हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार अपराधी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Translate »
Right Menu Icon