सड़क पर तड़प रहे थे घायल, मसीहा बनकर पहुंचे भाजपा नेता चैरब जैन: अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: इंसानियत आज भी जिंदा है, इसका जीवंत उदाहरण शनिवार शाम रुड़की के जादूगर रोड पर देखने को मिला, जब एक भीषण सड़क हादसे के बाद सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े दो युवकों की मदद के लिए जहां भीड़ तमाशबीन बनी खड़ी रही, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं फोनिक्स विश्वविद्यालय के चेयरमैन चैरब जैन फरिश्ता बनकर सामने आए। उन्होंने बिना एक पल गंवाए दोनों घायलों को अपनी डिफेंडर गाड़ी में बैठाया और अस्पताल पहुंचाकर उनके जीवन को बचाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 6:30 बजे चैरब जैन अपने आवास से जादूगर रोड स्थित कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर हुए एक भयावह हादसे पर पड़ी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों युवक दर्द से कराह रहे थे और मौके पर भारी भीड़ जमा थी। हैरानी की बात यह रही कि बड़ी संख्या में लोग मौजूद होने के बावजूद कोई भी घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं था। ऐसे संवेदनशील समय में चैरब जैन ने असाधारण मानवीयता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई, स्वयं घायलों को संभाला और उन्हें लेकर सीधे विनय विशाल हॉस्पिटल के लिए रवाना हो गए। इतना ही नहीं, रास्ते में उन्होंने पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी और अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर उपचार की अग्रिम व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी। चैरब जैन ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही चिकित्सकों को स्थिति से अवगत करा दिया था। उनके फोन कॉल के बाद अस्पताल का पूरा स्टाफ स्ट्रेचर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के साथ पहले से तैयार खड़ा मिला। अस्पताल पहुंचते ही दोनों घायलों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया, जिससे बहुमूल्य समय की बचत हुई। घटना की सूचना मिलते ही घायल युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और समय रहते सहायता उपलब्ध कराने के लिए चैरब जैन का आभार व्यक्त किया। परिजनों का कहना था कि यदि उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। स्थानीय नागरिकों ने भी भाजपा नेता चैरब जैन के इस मानवीय कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों का कहना है कि राजनीति और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहने के साथ-साथ जिस प्रकार उन्होंने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए त्वरित निर्णय लिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यह घटना केवल एक सड़क हादसे की कहानी नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि संकट की घड़ी में किसी की मदद के लिए बढ़ाया गया एक कदम किसी के जीवन को नई उम्मीद दे सकता है। भाजपा नेता चैरब जैन की संवेदनशीलता, तत्परता और सेवा भाव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्चा जनसेवक वही है जो मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़ा दिखाई दे।
