City News Network Live

Latest News, Breaking News, Bollywood, Sports, Business and Political News, City News Network Live

नशे की रात, दोस्ती का कत्ल और गन्ने के खेत का राज मोबाइल बना मौत की वजह: 5 दिन बाद सन्नी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

(मौहम्मद नाज़िम) लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में बीते पाँच दिनों से रहस्य बने युवक सन्नी की गुमशुदगी आखिरकार एक खौफनाक हत्याकांड में तब्दील निकली। दोस्ती, शराब और एक नए मोबाइल फोन के लालच ने एक 20 वर्षीय युवक की जान ले ली। कप्तान डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने सूझबूझ और सटीक रणनीति के साथ इस अंधे कत्ल से पर्दा उठा दिया। दिनांक 30 जनवरी 2026 को रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली लक्सर में दी गई शिकायत में बताया गया कि उनका पुत्र सन्नी (उम्र करीब 20 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर युवक की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पुलिस द्वारा गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डिटेल, स्थानीय सूचनाओं और दोस्तों की गतिविधियों को खंगालना शुरू किया। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे सन्नी के करीबी दोस्त रोहित उर्फ बालू की भूमिका संदेह के घेरे में आती चली गई। उसके बयानों में विरोधाभास और व्यवहार में घबराहट ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया। संदिग्ध रोहित से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और उसने वह राज उगल दिया जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद में उसने अपने ही दोस्त सन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को पास ही गन्ने के खेत में छिपा दिया था। इसके बाद वह घर लौट आया और खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए गांव वालों और साथियों के साथ सन्नी को ढूंढने का नाटक करता रहा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने 01 फरवरी 2026 को गन्ने के खेत से सन्नी का शव बरामद किया। हत्या का खुलासा होते ही कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0–100/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर रोहित उर्फ बालू पुत्र राजेश, निवासी रसूलपुर उर्फ कंकरखाता, उम्र 20 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि 27 जनवरी 2026 को सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था। वहां रोहित ने सन्नी के पहचान पत्र और कुछ नगदी का इस्तेमाल कर किश्तों में रेडमी मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद तीनों ने अन्य साथियों के साथ शराब पी। बाद में सन्नी और रोहित कुन्हारी स्थित ठेके से शराब की बोतल लेकर जंगल की ओर चले गए। नशे के दौरान नए मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई और गुस्से में रोहित ने सन्नी की जान ले ली। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा श्री राजीव रौथाण, व0उ0नि0 लोकपाल परमार, उ0नि0 बीरेन्द्र सिंह नेगी, हे0कानि0 रविन्द्र नागर, कानि0 अजीत तोमर, कानि0 अमित रावत, कानि0 महेन्द्र सिंह, कानि0 राजेन्द्र सिंह बिष्ट और कानि0 संजय पंवार की सक्रिय भूमिका और सतर्क जांच का परिणाम रहा, जिनकी मेहनत से पाँच दिन से रहस्य बनी यह कहानी अपने खौफनाक अंजाम तक पहुँची।

Translate »
Right Menu Icon