मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशे का खेल, 50 जहरीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
रुड़की: देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। “ऑपरेशन प्रहार 2026” और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशे के सौदागरों पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बहादराबाद पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शनों का कारोबार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के निर्देशों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में जनपद पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद द्वारा गठित पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल नितुल यादव और कांस्टेबल पंकज बिष्ट ने गश्त और चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर की ओर जाने वाले रास्ते पर हैंडपंप के पास संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर युवक के पास से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आरोपी राव रिहान पुत्र अहसान निवासी बढ़ेड़ी राजपुतान, कोतवाली बहादराबाद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रहा है और उसका मेडिकल स्टोर है। दवाइयों की जानकारी होने का फायदा उठाकर सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच नशीले इंजेक्शनों की मांग को देखते हुए लालच में आकर उसने यह अवैध कारोबार शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद इंजेक्शनों में BUPRENORPHINE INJECTION IP LEGESIC शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

