चारधाम यात्रा पर सख्ती: मिलावटखोरों पर डीएम का बड़ा एक्शन, सड़े चने और खुला मसाला जब्त
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: चारधाम यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर अब प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपदभर में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाकर मिलावटखोरों और लापरवाह कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया।b
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नेशनल हाईवे-58 पर जुरसे कंट्री से कोर कॉलेज रुड़की तक स्थित होटल, ढाबों, कैंटीन और रेस्टोरेंट्स में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई जगह गंदगी, खराब खाद्य सामग्री और नियमों की खुली अनदेखी सामने आई। जांच टीम ने मौके से दुर्गंधयुक्त 4.5 किलो उबले काले चने जब्त कर नष्ट कराए, जबकि खुली हल्दी और लाल मिर्च पाउडर भी एक्सपायरी और निर्माण तिथि अंकित न होने के कारण कब्जे में लिया गया। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को केवल शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान गंदगी में खाद्य पदार्थ बनाने, खराब सामग्री बेचने, खुले डस्टबिन रखने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर चार कारोबारियों को नोटिस थमाए गए। वहीं नया गांव बहादराबाद स्थित एक कैंटीन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा सिडकुल, हरकी पैड़ी, कनखल, पुहाना और झबरेड़ा क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर पनीर, सरसों तेल, सूजी, धनिया पाउडर और खाद्य तेल के कई नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। प्रशासन ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा और श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
