भीड़ में खोया 3 वर्षीय मासूम, हरिद्वार पुलिस ने लौटाई मां की दुनिया
City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार में उस समय एक परिवार की खुशियां पलभर में चिंता और भय में बदल गईं, जब विष्णु घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच एक तीन वर्षीय मासूम अपने परिजनों से बिछड़ गया। मासूम के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बच्चे की तलाश में घाटों, गलियों और आसपास के क्षेत्रों में घंटों तक खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनके मन में अनहोनी और अपहरण जैसी आशंकाएं घर करने लगीं। निराश और परेशान परिजन आखिरकार कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस की शरण में पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और बच्चे की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया।
पुलिस की सतर्कता, सक्रियता और त्वरित प्रयासों का परिणाम यह रहा कि कुछ ही समय बाद गुमशुदा मासूम को सीसीआर चौक के पास सकुशल बरामद कर लिया गया। जैसे ही बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
कुछ देर पहले तक चिंता और डर से घिरे परिवार के चेहरों पर खुशी लौट आई। मां ने अपने लाल को सीने से लगाया तो वह भावुक पल हर किसी को भाव-विभोर कर गया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उम्मीद के साथ वे पुलिस के पास पहुंचे थे, पुलिस ने उससे कहीं बढ़कर उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे को सकुशल वापस पाकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है मानो उनकी दुनिया लौट आई हो और वे इस मानवीय कार्य के लिए हरिद्वार पुलिस के आजीवन ऋणी रहेंगे। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ पुलिस मानवीय संवेदनाओं की भी सच्ची प्रहरी है।

