नाबालिग से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, पथरी पुलिस ने रातोंरात कसा शिकंजा



City News Network (मौहम्मद नाज़िम):::
पथरी: नाबालिगों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर हरिद्वार पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को ग्राम नसीरपुर कला निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए थाना पथरी पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी गईं और पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 19 अगस्त की रात आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमान पुत्र मुस्तकीम, निवासी ग्राम बादशाहपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल जयपाल चौहान और कांस्टेबल मुकेश चौहान शामिल रहे।


























